174 जाड़न मरौ सारी रात

कबीरदास जी कहते हैं-
"जाड़न मरौ सारी रात हम झिनवा ओढ़े"
तुम सारी रात जाड़े में, ठंड में मरते रहे, हम तो झीनी चादर ओढ़ कर मस्त चैन से रहे। आखिर वे कहना क्या चाहते हैं?
सबसे पहले समझें कि यह कौन सी रात है? क्या सूरज के अस्त होने पर छाए अंधकार की चर्चा है? नहीं नहीं! यहाँ रात माने अज्ञान रूपी रात्रि, माया रूपी, मोह रूपी रात्रि।
"या निशा सर्वभूतानां"
"मोह निशा सबु सोवनिहारा"
आत्मज्ञानी को छोड़कर, कौन यहाँ जाग रहा है? यहाँ सब सो रहे हैं। मोह रूपी रात्रि में सोए सोए, संसार रूपी स्वप्न में खोए खोए, स्वप्न में ही पैदा होते हैं, स्वप्न में ही जीते और मर जाते हैं।
और जाड़ा क्या है? देखें यह संतवाणी है, सामान्य अर्थ मत लगा लेना, चूक जाओगे। यहाँ विद्वानों की दाल नहीं गलती, यहाँ तो विद्वानों को मूढ़ों की कतार में खड़ा किया जाता है। जड़ता ही जाड़ा है। स्वयं चेतन होते हुए भी, इस जड़ देह को "मैं" मानने लगना, "मैं देह हूँ" ऐसा मानने लगना, जड़ से तादात्म्य कर लेना, देह से अध्यास कर लेना, स्वयं को, अपने असली स्वरूप को भूल जाना, यही जाड़ा है। इसी से फिर सब सुख दुख, मान अपमान, सर्दी गर्मी रूपी कष्ट झेलने ही पड़ते हैं।
कबीरदास जी किसी का उपहास नहीं कर रहे, वे तो करुणा से कहते हैं कि तुम मोह रूपी रात्रि में, जड़ता के वशीभूत होकर, कष्ट से मरते रहे।
मैंने इस जाड़े से बचने का उपाय कर लिया, मैंने झीनी सी चादर ओढ़ ली, रामनाम की चादर ओढ़ ली। रामनाम को ही ओढ़ लिया, फिर आराम से रहे। तुम भी रामनाम को चादर बनाकर ओढ़ लो, फिर तुम्हें जाड़ा नहीं लगेगा, तुम्हें कष्ट नहीं होगा।
ध्यान दें, जगत विष है, इस में राम का नाम जोड़ लो, विष + राम = विश्राम हो जाएगा।
लोकेशानन्द का अनुभव है कि राम में ही आराम है।

Kabirdas ji says-
"Jaadan maro sari raat hum jhinwa odhe"
You kept dying all night in winter, in cold, we lived in peace by wearing a thin sheet. After all, what does he want to say?
First of all understand what night it is? Is it about the darkness when the sun sets? No! Here night means the night of ignorance, the night of Maya, the night of attachment.
"Ya nisha sarvabhutanam"
"Moh nisha sabu sovnihara"
Who is awake here, except the enlightened one? Everyone is sleeping here. Sleeping in the night of attachment, lost in the dream of the world, are born in the dream, live and die in the dream itself.
And what is winter? See this is scriptural language, don't take it in general sense, you will miss the real meaning. This thing is beyond the realm of scholars, here the scholars are made to stand in the line of idiots. In spite of being conscious oneself, to consider this inanimate body as "I", to believe that "I am the body", to identify with the matter, to forget oneself, one's true self, this is winter. Only because of this, man has to face all the sufferings of happiness and sorrow, honor and humiliation, cold and heat.
Kabirdas ji is not ridiculing anyone, he says with compassion that in the night of attachment, you kept on dying due to ignorance.
I have taken a solution to escape from this winter, I wore a thin sheet, I covered myself with the sheet of name Ram. I wore only Ram Naam, and was at ease. You should also cover yourself with the name Ram, then you will not feel cold, you will not suffer.
Note, the world is poison (Vish), add Ram's name to it. Vish + Ram = Vishram (Rest).
Lokeshanand's experience is that there is rest in Ram.

Comments