428 मनहोश और मदहोश

मनुष्य दो प्रकार के होते हैं, मनहोश और मदहोश। हालाँकि मनुष्य तो वही है जो मनहोश हो। जिसका मन होश में आ गया हो, जिसका चित्त चेत गया हो, जो जाग गया हो, जिसने मोह रूपी रात्रि को विवेक की तलवार से काट दिया हो। मदहोश को होश कहाँ? वह तो विषयों के मद में चूर, न करने योग्य कर्मों को करने में ही अपना जीवन नष्ट कर देता है। मदहोश मनुष्य तो कहलाने भर को ही मनुष्य है। वह तो मनुष्य नाम का मुखौटा मात्र है, वास्तव में तो वह पशु ही है।
वह छाज जैसा नहीं है जो असार त्याग कर सार रख ले, वह तो छन्नी जैसा होता है जो सार त्याग कर असार रख लेता है।
संकट देखिए! जैसे दवा रोगी के लिए ही होती है, निरोगी को दवा से क्या प्रयोजन है? ऐसे ही सब उपदेश मदहोश के लिए ही होते हैं। सोए हुए को ही जगाने की आवश्यकता होती है, जागे हुए को कैसा जगाना? पर जैसे अबोध बालक को भोग सुख नहीं बताया जा सकता, विषयासक्त मदहोश को ब्रह्म नहीं समझाया जा सकता।
कबूतर का गला छूने से जैसे उसमें भरे मटर के दाने मालूम पड़ जाते हैं, मदहोश को टटोलते ही उसमें भरी विषय वासनाएँ प्रकट हो जाती हैं। जैसे घुंघराला बाल कभी सीधा नहीं होता, जैसे साधु का कमण्डल भले चारों धाम घूम आए पर उसका कसैला स्वभाव नहीं जाता, मदहोश लाख उपदेश सुना देने पर भी सीधा नहीं होता। जैसे नर्म मिट्टी पर ही छाप पड़ती है, पत्थर पर नहीं, जैसे कच्ची मिट्टी से चाहे जो बना लो, पर पक गई तो पक गई। ऐसे ही विषयों में पका मदहोश सुधरता नहीं।
जैसे पत्थर न पानी सोखता, न ही कील भीतर लेता, ऐसे ही मदहोश में उपदेश नहीं उतरता। मदहोश तो पुल जैसा है, उसके नीचे से कितनी ही उपदेश की नदी क्यों न बह जाए, वह उस ज्ञान से अछूता ही रह जाता है।
लोकेशानन्द कहता है कि मैं तो अपना काम करता हूँ, बाकी मेरे किए क्या होता है? स्वयं भगवान ही जब जिस पर कृपा करते हैं, वह मदहोश मनहोश हो जाता है।

There are two types of human beings, conscious and unconscious. However, human is the one who is conscious, who is awake, who has cut off the night of delusion with the sword of discernment. The unconscious is devastated by desires. He destroys his life only in doing unworthy deeds. He is only a human to be called, he is only a mask, in fact he is an animal.
He is not like a chhaj, which discards husk and retains grain, he is like a sieve, which discards essence and retains waste.
Look at the crisis! Just as medicine is for the patient, what is the purpose of medicine for someone healthy? Similarly all sermons are for unconscious. Only one who is asleep needs to be awakened, why to wake the awake? But just as an innocent child can not understand sexual pleasure, a lustful unconscious human can not understand Brahm.
As soon as you touch the throat of a pigeon, the grains of peas filled in it are known, as soon as you grope an unconscious man, lust filled in him appears. Just like a curly hair is never straight, like a monk's kamandal may go around all the pilgrimages, but its astringent nature does not go away, even after listening to millions of sermons, an unconscious does not improve. Just like soft soil can be imprinted, not stone, like you can make anything from raw clay, but if it is cooked once, it is cooked. Likewise an unconscious cooked in lust does not improve.
Just as a stone does not absorb water, in the same way unconscious can't understand sermon. An unconscious is like a bridge, no matter how much river of sermons flows under it, he remains untouched by that knowledge.
Lokeshanand says that I do my work, but what is possible by my efforts? On whom Bhagwan Himself has mercy on, that unconscious becomes conscious.

Comments